पटना , मार्च 26 -- राजधानी के पाटलिपुत्र खेल परिसर इंडोर स्टेडियम में चल रहे बिहार ओपन फिडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता के चौथे चक्र की समाप्ति के बाद ग्रैंडमास्टर पीटर सहित 19 खिलाड़ी चार अंकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर चल रहे हैं।
प्रतियोगिता के दौरान आज चौथे चक्र में शीर्ष बोर्ड पर खेलते हुए रूसी ग्रैंडमास्टर पीटर ने बिहार के जूनियर चैंपियन दिव्यांशु सिंह को 36 चालों में पराजित किया। काले मोहरों से खेल रहे ग्रैंडमास्टर पीटर क्रियाकोव ने दिव्यांशु के ई 4 के जवाब में फ्रेंच सुरक्षा पद्धति अपनाई और अपने दोनों ऊंटों का बेहतरीन उपयोग करते हुए उनके एक मोहरे को पीट लिया। मोहरा पिटते देख दिव्यांशु ने अंततः हार स्वीकार कर ली।
दो नम्बर बोर्ड पर बिहार के रेयान मोहम्मद को आज उत्तर प्रदेश के शिवाय सिंह ने जबरदस्त टक्कर दी। सफेद मोहरों से खेल रहे रेयान ने 101 चालों की मैराथन बाजी में अंततः शिवाय पर जीत दर्ज की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित