, April 2 -- नगर आयुक्त ने कहा कि पटना नगर निगम द्वारा बड़े बकायेदारों को चिन्हित कर विशेष वसूली अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा, "कुल 9435 वैसे संपत्तिधारक, जिनका पांच हजार रुपये से ज्यादा संपत्ति कर बकाया था, उनके खिलाफ नोटिस जारी कर एवं धावा दल के माध्यम से नियमानुकूल कार्रवाई की गई।

उल्लेखनीय है कि आम जन की सहूलियत के लिए पटना नगर निगम की ओर से प्रत्येक कार्यदिवस एवं अवकाश के दिन भी सुबह सात बजे से लेकर रात्रि नौ बजे तक मुख्यालय एवं सभी अंचल कार्यालयों में टैक्स कलेक्शन काउंटर खुले रहे। साथ ही नगर आयुक्त के नेतृत्व में मुख्यालय द्वारा सभी डोर-टू-डोर टैक्स कलेक्टर्स को ट्रेनिंग दी गई एवं नियमित उनके कार्य की समीक्षा की गई। साथ ही मुख्यालय द्वारा राजस्व संग्रहण कार्य की डैशबोर्ड के माध्यम से रियल टाइम मॉनिटरिंग की गई।

नगर निगम द्वारा बड़े स्तर पर शॉर्ट मेल सर्विस कैंपेन चलाया गया जिसके अंतर्गत प्रत्येक दिन पांच लाख बल्क मैसेज भेजे गए। इस अभियान में उन संपत्तिधारकों से भी संपर्क किया गया जो अन्य शहर में रह रहे हैं। उन्हें ओटीएस एवं ऑनलाइन माध्यम से कर भुगतान की सुविधाओं के प्रति जागरुक किया गया एवं समय कर भुगतान के लिए प्रोत्साहित किया गया। मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम से भी लगातार बकायेदारों का फॉलो-अप किया गया।

वरिष्ठ नागरिकों को चिह्नित कर उन्हें कर भुगतान की डोर-टू-डोर सेवा दी गई जिसमें टैक्स कलेक्टर द्वारा उनके घर जाकर कैश अथवा ऑनलाइन माध्यम से कर भुगतान सुनिश्चित कराया गया एवं ऑन-स्पॉट भुगतान की रसीद उपलब्ध करायी गई। साथ ही, पटना नगर निगम द्वारा ट्रांजिट मीडिया जैसे ई-रिक्शा एवं डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की गाड़ियों पर भी जिंगल के माध्यम से जागरुकता अभियान चलाया गया।

पटना नगर निगम ने सभी संपत्तिधारकों से अपील की है कि वे वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए संपत्ति कर का भुगतान पहली तिमाही में ही कर दें। अप्रैल से जून तक संपत्ति कर जमा करने पर संपत्ति कर की मूल राशि पर पांच फीसदी की छूट निगम के द्वारा दी जाती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित