, March 18 -- मुख्यमंत्री ने कहा कि जमुई जिले में 10 योजनाओं की स्वीकृति दी गयी है। यहां कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं पर काम तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिसे शीघ्र पूरा किया जायेगा। इनमें जमुई प्रखंड के सोनपे मौजा में स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का निर्माण, गिद्धौर प्रखंड में कुमार सुरेंद्र सिंह स्टेडियम का जीर्णोद्धार कार्य, जमुई वन प्रमंडल अंतर्गत गरही प्राकृतिक उद्यान का निर्माण कार्य, पटनेश्वर धाम मंदिर का विकास कार्य, अपर किऊल जलाशय योजनान्तर्गत मुख्य नहर का पुनर्स्थापन एवं लाइनिंग कार्य, गरही से लछुआड़ जाने वाली सड़क पर किउल नदी पर पुल का निर्माण कार्य, बरहट से कटौना दुर्गा मंदिर तक जाने वाली सड़क, कटौना के पास नकटी नदी पर पुल निर्माण कार्य, हरयनारायण चौरा पथ से सिकरिया गांव में उलाई नदी पर उच्चस्तरीय आरसीसी पुल का निर्माण कार्य, बरनार जलाशय योजना का निर्माण कार्य, चकाई में डिग्री कॉलेज का निर्माण, जमुई जिलान्तर्गत सोनो, जमुई सदर, चकाई, गिद्धौर, अलीगंज प्रखंड-सह-अचंल कार्यालय-सह-आवासीय भवन का निर्माण कार्य शामिल है।

श्री कुमार ने कहा कि सात निश्चय 3 के तहत अगले पांच वर्षों 2025 से 2030 के बीच जमुई में अनेक काम कराये जायेंगे। उन्होंने कहा कि रोजगार के लिए जिले की दो लाख 74 हजार महिलाओं को 10 हजार रुपये के हिसाब से राशि दी जा चुकी है। उन्हें रोजगार आगे बढ़ाने के लिए दो लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता भी दी जायेगी। उन्होंने कहा कि जमुई में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना कर नये उद्योग लगाये जाएंगे। डेयरी को बढ़ावा देने के लिए शेष 841 गांवों में दूध उत्पादन समितियों का गठन तथा 152 पंचायतों में सुधा दूध बिक्री केन्द्र खोला जायेगा। सभी 10 प्रखंडों में आदर्श विद्यालय तथा डिग्री कॉलेज की स्थापना की जायेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले के 10 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों को विशिष्ट अस्पताल तथा जमुई सदर अस्पताल को अति विशिष्ट अस्पताल के रूप में विकसित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि यहां खेलों के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की जायेगी। सबका सम्मान-जीवन आसान निश्चय के तहत कठिनाइयों को दूर कर लोगों के लिए सरकारी सुविधाएं प्राप्त करना आसान बनाया जायेगा। इन कामों से जिले का पूरे तौर पर विकास होगा। केन्द्र सरकार का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। अब बिहार बहुत आगे बढ़ेगा और देश के विकसित राज्यों में शामिल हो जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित