, March 24 -- मुख्यमंत्री श्री कुमार ने सोन नदी में वीयर निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। साथ ही वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के मॉडल का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि सोन नदी में वीयर निर्माण के माध्यम से जल को संग्रहित किया जाएगा एवं जल भंडारण सुनिश्चित किया जाएगा। यह भंडारण क्षमता पांच महीने तक पीने के पानी की मांग को पूरा कर सकता है। डेहरी शहर के एमी कट पर सोन नदी में उपलब्ध सतही कच्चे/अशुद्ध पानी को जल शोधन संयंत्र तक पहुंचाने के लिए इंटेक वेल कम पंप हाऊस का निर्माण किया जा रहा है। वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के माध्यम से प्रतिदिन शुद्ध पेयजल की आपूर्ति पाइप लाइन के माध्यम से कराते हुए डेहरी, सासाराम और औरंगाबाद शहर को पीने का पानी उपलब्ध कराया जाएगा।

श्री कुमार ने इसके बाद वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण कार्य का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री श्री कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन सभी प्रोजेक्ट को तेजी से पूर्ण करें, जिससे इस क्षेत्र के लोगों को इसका लाभ मिल सके। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों से जिले में चलाई जा रही विभिन्न विकासात्मक कार्यों की जानकारी ली। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने रोहतास जिला अंतर्गत पहलेजा करवंदिया रेलवे स्टेशन के बीच निर्माण कार्य, कोचस में आरा-मोहनिया पथ पर बाईपास (12.48 कि०मी०) का निर्माण कार्य, इंद्रपुरी जलाशय के पास डेहरी हाट का निर्माण कार्य, अकबरपुर-अघौड़ा वनपथ में अवस्थित रेहल से रोहतासगढ़ किला होते हुए चौरासन मंदिर तक (15.5 कि.मी. लंबाई) का निर्माण कार्य, डेहरी-तेतरांव-राजपुर पथ (20.4 कि०मी०) केचौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य आदि के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जिले में चलाई जा रही सभी योजनाओं को तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकासात्मक कार्य से संबंधित स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने जीविका के स्टॉल के निरीक्षण के दौरान स्वयं सहायता समूह की जीविका दीदियों की ओर से जीविकोपार्जन कार्य से जुड़े हुए विभिन्न गतिविधियों एवं उत्पादों की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने 17,146 जीविका स्वयं सहायता समूह की दीदियों को 277 करोड़ 25 लाख रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया। उन्होंने शिक्षा विभाग, उद्योग विभाग, कृषि विभाग, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग और समाज कल्याण विभाग सहित अन्य विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, देसी गो पालन प्रोत्साहन योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लाभुकों को सांकेतिक चेक प्रदान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित