, Jan. 28 -- मुख्यमंत्री श्री कुमार ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इन सभी विकास कार्यों को बेहतर ढंग से पूर्ण करायें। इन कामों के पूरा होने से दरभंगा जिला का काफी विकास होगा। साथ ही लोगों के लिए काफी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि दरभंगा हवाई अड्डा के पास निर्माणाधीन सिविल एनक्लेव का निरीक्षण किया तथा लॉजिस्टिक पार्क एवं कार्गो हब निर्माण के लिये चिन्हित भू-खंड का जायजा लिया।

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री श्री कुमार को बताया कि यह चिन्हिंत भूखंड दरभंगा सदर अंचल के अंतर्गत है, जिसका रकबा 50 एकड़ है।

जायजा के क्रम में मुख्यमंत्री श्री कुमार ने अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन सब कामों के पूरा होने से आवागमन काफी सुगम होगा। लोग कहीं से भी कम समय में सहूलियतपूर्वक दरभंगा पहुंच सकेंगे।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने आमस-दरभंगा पथ परियोजना के कैंप कार्यालय के समीप आमस-दरभंगा पथ के प्रगति कार्य का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री श्री कुमार को बताया कि आमस-दरभंगा पथ परियोजना दो आर्थिक गलियारों, एन.एच.-02 और एन.एच.-57 (नया एन.एच.-27) के बीच सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। बिहार राज्य के भीतरी हिस्सों की पश्चिम बंगाल, झारखंड और उत्तर पूर्वी राज्यों से कनेक्टिविटी बेहतर होगी। यह परियोजना लंबी दूरी की यातायात और माल ढुलाई की दक्षता में सुधार करने में मदद करेगा।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि यह परियोजना काफी महत्वपूर्ण है। इसके पूरा होने से उद्योग, निवेश, छोटे व्यवसाय, धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन की गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा। इस परियोजना को लक्ष्य के अनुरुप अच्छे ढंग से पूर्ण कराएं।

श्री कुमार ने ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा परिसर अवस्थित नागेंद्र झा स्टेडियम में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री 23 हजार तीन सौ 84 जीविका स्वयं सहायता समूह एवं समूह से संबंधित कुल 93 हजार 536 जीविका दीदियों को बैंक से क्रेडिट लिंकेज के रुप में प्राप्त वित्तीय सुविधा के लिये 311 करोड़ 79 लाख रुपये का सांकेतिक चेक, मुख्यमंत्री ने नारी शक्ति योजना, मुख्यमंत्री अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन अनुदान, मुख्यमंत्री निःशक्तजन विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना का सांकेतिक चेक तथा बैट्री चालित ट्राईसाईकिल की चाभी आदि लाभुकों को प्रदान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित