, March 17 -- मुख्यमंत्री ने कहा कि बांका में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य उच्च पथों का चौड़ीकरण कराया जा रहा है। कटोरिया में डिग्री कॉलेज की स्थापना की गयी है, इसका भवन निर्माण कार्य जारी है। नदी पर चेकडैम बनाया जा रहा है। औद्योगिक क्षेत्र का विकास किया जा रहा है। गंगा नदी का पानी हनुमान डैम में पहुंचाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सात निश्चय-3 के तहत अगले पांच वर्षों 2025 से 2030 के बीच बांका में अनेक काम कराये जायेंगे।
श्री कुमार ने कहा कि रोजगार के लिए जिले की चार लाख नौ हजार महिलाओं को 10 हजार रुपये के हिसाब से राशि दी जा चुकी है। उन्हें रोजगार आगे बढ़ाने के लिए दो लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता भी दी जायेगी। उन्होंने कहा कि बांका में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना कर नये उद्योग लगाये जाएंगे। डेयरी को बढ़ावा देने के लिए जिले के शेष एक हजार 31 गांवों में दूध उत्पादन समितियों का गठन तथा सभी 182 पंचायतों में सुधा दूध बिक्री केन्द्र खोला जायेगा। सभी 11 प्रखण्डों में आदर्श विद्यालय तथा डिग्री कॉलेज की स्थापना की जायेगी। सभी 11 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों को विशिष्ट अस्पताल तथा बांका सदर अस्पताल को अति विशिष्ट अस्पताल बनाया जायेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बांका जिले में खेलों के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की जायेगी। उन्होंने कहा कि सबका सम्मान-जीवन आसान निश्चय के तहत कठिनाइयों को दूर कर लोगों के लिए सरकारी सुविधाएं प्राप्त करना आसान बनाया जायेगा। इन कामों से जिले का पूरे तौर पर विकास होगा। केन्द्र सरकार का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। अब बिहार बहुत आगे बढ़ेगा और देश के विकसित राज्यों में शामिल हो जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित