पटना , मार्च 23 -- बिहार दिवस पर गांधी मैदान में परिवहन विभाग के पवेलियन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा रही है।

इस उद्देश्य के तहत यहां 10 वर्ष तक के बच्चों की पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है, जिसमें पहले दिन(22 मार्च) को 250 से अधिक बच्चों ने हिस्सा लिया। विजयी प्रतिभागियों को विभाग के अपर सचिव कृत्यानंद रंजन ने हेलमेट का वितरण किया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण हेलमेट वितरण के साथ-साथ बच्चों द्वारा बनाई गई प्रेरणादायक पेंटिंग्स रहीं, जिन्होंने सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। बच्चों ने अपनी पेंटिंग्स के माध्यम से हेलमेट के उपयोग, सीट बेल्ट पहनने, ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने, ओवरस्पीडिंग से बचने और ज़ेब्रा क्रॉसिंग पर पैदल यात्रियों को प्राथमिकता देने जैसे विषयों को रचनात्मक रूप में दर्शाया। कई चित्रों में हेलमेट है जरूरी, धीमी गति, सुरक्षित जीवन और नियमों का पालन, जीवन का संरक्षण जैसे संदेश प्रमुखता से उभरे।

हेलमेट वितरण के दौरान अपर सचिव कृत्यानंद रंजन ने कहा कि बच्चों की ये पेंटिंग्स केवल कला नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि हेलमेट पहनना जीवन की सुरक्षा का सबसे सरल और प्रभावी उपाय है, और इसे हर दोपहिया चालक को अपनी आदत में शामिल करना चाहिए।उन्होंने विजेता प्रतिभागियों को हेलमेट प्रदान करते हुए उन्हें सड़क सुरक्षा का दूत बनने के लिए प्रेरित किया। इस पहल के माध्यम से बच्चों को न केवल सम्मानित किया गया, बल्कि उन्हें स्वयं एवं अपने परिवार को सुरक्षित रखने का संदेश भी दिया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित बच्चों एवं अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों में जागरूकता के साथ-साथ जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करती हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित