पटना , मार्च 23 -- िहार दिवस के अवसर पर गांधी मैदान में लगाए गए स्वास्थ्य शिविरों में हजारों लोगों का मुफ्त स्वास्थ्य जांच और परामर्श मिल रहा है।
बिहार दिवस पर राज्य स्वास्थ्य समिति की ओर से गांधी मैदान में वृहद कैंप का आयोजन किया गया है। कुल 17 स्टाल के माध्यम से शिविर में पहुंचने वाले लोगों को अलग-अलग स्वास्थ्य जांच और परामर्श का लाभ दिया जा रहा है।
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार तो शिविर में रविवार और सोमवार को मिलाकर करीब 700 लोगों की आंख जांच के बाद उन्हें परामर्श दिया गया। जरूरत पड़ने पर रोगियों को मुफ्त चश्मा के साथ दवाएं भी दी गईं। ट्राइकॉग के राज्य प्रबंधक अभिजीत शुक्ला ने बताया कि पिछले दो दिनों में करीब 200 लोगों का मुफ्त ईसीजी किया गया है। उन्होंने कहा कि यहां ईसीजी कराने वाले करीब 50 फीसदी लोगों में हृदय रोग के संकेत मिल रहे हैं। ऐसे लोगों की जांच रिपोर्ट एमडी मेडिसिन और कॉर्डियोलॉजिस्ट को ऑनलाइन दिखाने के बाद उचित परामर्श दिया जा रहा है। इसी क्रम में शिविर में करीब 250 लोगों का ब्लड प्रेशर, 200 से अधिक लोगों का ब्लड शुगर, 200 का फिजियोथेरेपी और 200 का कैंसर स्क्रीनिंग की गई।
तीन दिवसीय स्वास्थ्य शिविर में आने वाले लोगों का बड़ी संख्या में आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट बनाने पर जोर दिया जा रहा है जिससे मरीजों का हेल्थ रिपोर्ट एप पर सुरक्षित रखा जा सके और उसका भविष्य में किसी भी बीमारी के इलाज में लाभ मिल सके। शिविर में आने वाले करीब एक हजार लोगों का आभा एप पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया गया और 200 से भी अधिक लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित