पटना , फरवरी 21 -- बिहार दिवस 2026 के अवसर पर बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग के अंतर्गत बिहार संगीत नाटक अकादमी की ओर से पांच दिवसीय 'महिला नाट्योत्सव' का आयोजन किया जाएगा।
यह उत्सव नारी शक्ति को समर्पित होगा और महिला जीवन के संघर्ष, साहस और संवेदनाओं को मंच पर जीवंत करेगा।यह नाट्योत्सव प्रेमचंद रंगशाला में आयोजित होगा, जहां विभिन्न नाट्य संस्थाएं महिला-केन्द्रित प्रस्तुतियां देंगी।इस नाट्योत्सव की विशेषता यह होगी कि प्रत्येक प्रस्तुति महिला निर्देशिका द्वारा निर्देशित होगी तथा नाटक के प्रमुख पात्रों में महिला रंगकर्मी का होना अनिवार्य रखा गया है। नाटक हिन्दी या बिहार की किसी क्षेत्रीय भाषा में होना अनिवार्य है।
अकादमी ने राज्य भर के नाट्य संस्थानों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। चयनित नाटकों की अवधि न्यूनतम एक घंटा और अधिकतम डेढ़ घंटा निर्धारित की गई है। आवेदन में नाटक का सार, निर्देशक व कलाकारों का विवरण तथा पूर्व मंचन का उच्च गुणवत्ता वाला वीडियो (पेनड्राइव) संलग्न करना अनिवार्य होगा।आवेदकों को एक अलग सीलबंद लिफाफे में मंचन व्यय का विस्तृत विवरण भी देना होगा, जिसमें कलाकार मानदेय, यात्रा, आवास-भोजन, स्थानीय परिवहन और मंचन से जुड़े अन्य खर्च शामिल होंगे।
आवेदन पत्र अकादमी की वेबसाइट से डाउनलोड कर निर्धारित प्रपत्र में भरकर सचिव, बिहार संगीत नाटक अकादमी, प्रेमचंद रंगशाला, राजेंद्र नगर, पटना के पते पर निबंधित डाक या स्वयं जमा करना होगा।
नाट्य संस्थानों के लिए आवेदन प्राप्ति की अंतिम तिथि 06 मार्च, दोपहर तीन बजे तक निर्धारित की गई है। अपूर्ण या अधूरे आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित