मधुबनी , नवंबर 05 -- उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार काे कहा कि बिहार को सशक्त,समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाना राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का संकल्प है।

मधुबनी जिले के बेनीपट्टी विधानसभा क्षेत्र में राजग प्रत्याशी विनोद नारायण झा के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होने 11 नवंबर को बिहार के विकास और सुशासन के लिए वोट देना अत्यंत आवश्यक है। महागठबंधन वास्तव में ठगबंधन है जो केवल फर्जी वादों और झूठे दावों से जनता को गुमराह करने का काम करता है। लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव के शासन में बिहार में जंगलराज और गुंडाराज का माहौल था जहाँ जनता को विकास का सपना तक नहीं दिखता था।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार अंधेरे से उजाले की ओर बढ़ा है, हर घर में बिजली पहुँची है और राज्य विकास के पथ पर अग्रसर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न के तहत राजग गठबंधन बिहार को एक सशक्त,समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मौर्य ने कहा कि राजग सरकार ने गरीबों के कल्याण, महिलाओं के सशक्तिकरण और युवाओं के रोजगार सृजन के क्षेत्र में ठोस कार्य किए हैं और आने वाले समय में विकास की इस यात्रा को और गति दी जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित