पटना , दिसंबर 31 -- बिहार सरकार में मंत्री और जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता श्रवण कुमार ने बुधवार को कहा कि बिहार को देश के शीर्ष पांच राज्यों में शामिल करने को लेकर नीतीश कुमार की सरकार प्रतिबद्ध है।
मंत्री श्री कुमार ने आज जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित पटना ग्रामीण/महानगर द्वारा ''कार्यकर्ता आभार समारोह सह सदस्यता अभियान कार्यक्रम (2025-28)'' को संबोधित करते हुये कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने चुनाव में पूरी मुस्तैदी, निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य किया, जिसका परिणाम है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को प्रचंड विजय प्राप्त हुई। उन्होंने कहा कि जदयू कार्यकर्ताओं की ईमानदारी और परिश्रम का कोई जोड़ नहीं है। इन्हीं कार्यकर्ताओं के बल पर श्री कुमार विगत बीस वर्षों से बिहार की बागडोर संभाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार बिहार को देश के शीर्ष पांच राज्यों में शामिल करने की दिशा में पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम, समर्पण और निष्ठा के बल पर ही पटना ग्रामीण/महानगर में राजग की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित हुई है। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान 2025-28 के तहत पार्टी ने एक करोड़ से अधिक सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य को समय-सीमा के भीतर प्राप्त करने के लिए पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका निभानी है। जिस प्रकार पार्टी कार्यकर्ताओं ने दिन-रात परिश्रम कर विधानसभा चुनाव में इतिहास रचा, उसी प्रकार इस बार सदस्यता अभियान में भी नया इतिहास रचने का संकल्प लेना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित