मुंबई , नवंबर 14 -- बिहार में भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की भारी जीत के उत्साह से भरा महाराष्ट्र का सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन 2024 का लोकसभा और विधानसभा चुनाव जीतने के बाद अब राज्य में होने वाले स्थानीय निकाय चुनावों में परचम लहराने की तैयारी में है।

दूसरी ओर राज्य में विपक्षी गठबंधन 'वोट चोरी' का मुद्दा लगातार उठा रहा है और कह रहा है कि बिहार में जो हुआ वह महाराष्ट्र की पुनरावृत्ति है।

महाराष्ट्र में राज्य चुनाव आयोग ने 246 नगर परिषदों और 42 नगर पंचायतों के लिए चुनावों की घोषणा की है जो आगामी दो दिसंबर को होंगे और उसके अगले दिन मतगणना होगी। इसके अलावा 32 जिला परिषदों और 336 पंचायत समितियों के अलावा 29 नगर निगमों के चुनावों की घोषणा बाद में की जाएगी।

उच्चतम न्यायालय ने महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनावों की प्रक्रिया 31 जनवरी 2026 तक पूरी करने का निर्देश दिया है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और एक अन्य उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) से मिलकर बना महायुति गठबंधन चुनाव-पूर्व और चुनाव-पश्चात गठबंधनों पर सैद्धांतिक रूप से सहमत हो गया है।

जबकि कांग्रेस, उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) और शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा (सपा) से मिलकर बना महा विकास अघाड़ी गठबंधन अभी तक कोई निर्णय नहीं ले पाया है।

कांग्रेस ने स्पष्ट कर दिया है कि वह स्थानीय निकाय चुनावों में श्री राज ठाकरे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) और असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व वाली ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के साथ गठबंधन नहीं करेगी। दरअसल मुंबई और अन्य प्रमुख शहरों में कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ना चाहती है।

श्री उद्धव की पार्टी मनसे को महा विकास अघाड़ी में शामिल करने की वकालत कर रही है। कांग्रेस का एक मजबूत वोट बैंक माने जाने वाले उत्तर भारतीय प्रवासियों और मुसलमानों को लेकर श्री राज के रुख के कारण कांग्रेस मनसे का विरोध करती दिख रही है।

समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अबू आसिम आजमी ने भी स्पष्ट कर दिया है कि उनकी पार्टी किसी भी पार्टी के साथ चुनावी गठबंधन नहीं करेगी और निकाय चुनाव अकेले लड़ेगी।

एआईएमआईएम के शहर अध्यक्ष फारूक शबदी ने कल मीडिया को संबोधित करते हुए कहा था कि उनकी पार्टी मुंबई में 50 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

दूसरी ओर कांग्रेस नांदेड़ में प्रकाश अंबेडकर के नेतृत्व वाली वंचित बहुजन अघाड़ी (वीबीए), राजू शेट्टी के नेतृत्व वाली स्वाभिमानी पक्ष, महादेव जानकर के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय समाज पक्ष (आरएसपी), राजेंद्र गवई के नेतृत्व वाली रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया गुट और वामनराव चटप के नेतृत्व वाली स्वतंत्र भारत पक्ष के साथ कई जगहों पर गठबंधन पर विचार कर सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित