बंगाल सांसद हमला टिप्पणी।

देहरादून , अक्टूबर 06 -- उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बंगाल में पार्टी सांसद और विधायक पर हुए जानलेवा हमले को लोकतंत्र का खून बताया है।

राज्यसभा सांसद और पार्टी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सोमवार को आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस की सहयोगी सरकार ने जिस तरह लोकतंत्र की हत्या की है, उसका करारा जबाव जनता लोकतांत्रिक तरीके से विपक्ष को अवश्य देगी। उन्होंने विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तंज कसा कि वे विदेश में जैसा बयान देते हैं, उनके साथी देश में तत्काल वैसा ही करके दिखा देते हैं।

मीडिया को जारी अपनी प्रतिक्रिया में श्री भट्ट ने कहा,"बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक तरफ बिहार में लोकतंत्र के पर्व की घोषणा हुई है तो पड़ोसी राज्य बंगाल में लोकतंत्र की हत्या की जा रही है।"उन्होंने कहा कि लगता है पश्चिम बंगाल में ममता सरकार पूरी तरह सांप्रदायिक और अराजक तत्वों के हाथों में खेल रही है। उनकी पार्टी के कार्यकर्ता गुंडों और दंगाइयों की तरह, लोकतंत्र का खून कर रही है। जिसका भीभत्स और क्रूर उदाहरण है नागराकाटा की यह घटना, जिसमें वहां से दो बार के सांसद और लोकप्रिय आदिवासी नेता खगेन मुर्मू एवं विधायक शंकर घोष को खून से लथपथ कर दिया गया। उनका सिर्फ कसूर था कि वह उस समय बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए लोगों के बीच पहुंचे थे, जब मुख्यमंत्री सेलिब्रेटी और मेहमानों के साथ कार्निवाल में जश्न मना रही थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित