पटना , फरवरी 03 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर कुमार मिश्र ने बिहार बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मंगलवार को कहा कि यह बजट बिहार की समृद्धि की राह प्रशस्त करेगा।

श्री मिश्र ने बयान जारी कर कहा कि प्रदेश का बजटीय आकार लगातार बढ़ रहा है। यह बताता है कि बिहार तेज रफ्तार के साथ विकास के मार्ग पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि इस बार बजट का आकार 3,47,589.76 करोड़ का है, जो 2025-26 के बजटीय आकार से 30,694.74 करोड़ रुपए अधिक है।

श्री मिश्र ने कहा कि यह बजट बिहार की समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश का तेजी से औद्योगिक विकास होगा और रोजी-रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। वर्ष 2005 से 2025 तक बिहार की अर्थव्यवस्था में करीब 13 गुणी वृद्धि हुई है। इससे साफ है की मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार का सतत और तीव्र विकास हो रहा है।

भाजपा नेता ने कहा कि वह दिन दूर नहीं जब बिहार की शुमार देश के विकसित राज्यों में होगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि बिहार रोजगार का हब बने और यहां सिर्फ बिहार के लोगों को ही रोजगार नहीं मिले, बल्कि दूसरे राज्यों के लोग भी रोजी-रोजगार के लिए बिहार आयें।

श्री मिश्र ने कहा कि बजट में महिला सशक्तीकरण पर काफी बल दिया गया है। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास में महिलाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभायेंगी। कुल मिलाकर यह बजट बिहार के विकास के लिए माइलस्टोन साबित होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित