विनय कुमार सेचकाई, नवंबर 09 -- बिहार के विज्ञान एवं प्राद्योगिकी मंत्री और चकई विधानसभा क्षेत्र में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के उम्मीदवार सुमित कुमार सिंह ने कहा कि प्रदेश की राजनीति में नीतीश कुमार ही सत्ता की कुंजी हैं और उनके बगैर कोई गठबंधन जीत की गारंटी नही देता है।

श्री सिंह ने आज यूनीवार्ता से बातचीत में कहा कि पहले चरण में हुई रिकॉर्ड वोटिंग और उसमें महिलाओं की जबरदस्त भागीदारी साफ संकेत देती है कि सत्ता के केंद्र में नीतीश कुमार ही हैं। उन्होंने कहा कि किसी जमाने में घर से बाहर नहीं निकलने वाली महिलाओं ने प्रदेश में शिक्षा और सामाजिक समरसता दोनों में पुरुषों को पीछे धकेलना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार में महिलाओं का सशक्तिकरण पूरी तरह से नीतीश कुमार का 'ब्रेन चाइल्ड' है। कहा कि सत्ता में आते ही श्री कुमार ने जीविका समूहों की शुरुआत कर दी थी। उसके बाद निकाय और नौकरियों में महिलाओं के लिए आरक्षण का प्रावधान किया। साइकिल और पोशाक दे कर बच्चियों को स्कूल भेज दिया।

उन्होंने कहा कि श्री कुमार ने महिला सशक्तिकरण की जो फसल उगाई, वह अब उपजाऊ हो गयी है। साइकिल पर स्कूल जाने वाली छोटी बच्चियां बड़ी हो कर वोटर बन गयी हैं, जिसका प्रभाव 06 नवंबर जो हुए पहले चरण के मतदान में दिखा। इस बार महिलाओं की भागीदारी पुरुषों के मुकाबले बढ़ गयी है, जो नीतीश कुमार की लोकप्रियता को दर्शाती है।

बिहार सरकार के मंत्री श्री सिंह ने बिहार विधानसभा चुनाव की संभावनाओं पर कहा कि इस बार की लड़ाई विकास बनाम जंगलराज के बीच है। जनता ने नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार को बदलते देखा है और प्रदेश के समझदार मतदाता फिर से बिहार को अंधकार में धकेलने का जोखिम नही लेंगे। उन्होंने कहा कि द्वितीय और अंतिम चरण के मतदान में 11 नवंबर को एनडीए गठबंधन को बड़ी सफलता मिलेगी।

श्री सिंह से जब पूछा गया कि नीतीश कुमार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करने में क्यों परहेज कर रही है,तो उन्होंने जवाब में कहा कि श्री कुमार के नेतृत्व में ही चुनाव में उतरे हैं और कोई संभावना नहीं है कि उनके रहते कोई दूसरा मुख्यमंत्री बने।

भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने तारापुर की अपनी जनसभा में कहा कि वर्तमान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को और बड़ा दायित्व दिया जा सकता है, तो क्या उन्हें मुख्यमंत्री के चेहरे के रूप में देखा जा रहा है, इसके जवाब में श्री सिंह ने कहा कि अमित शाह एक बड़े नेता हैं और उनकी कही बात पर वह कोई टिप्पणी नही करना चाहते हैं, लेकिन इतना तय है कि श्री कुमार की कुर्सी को कोई खतरा नही है।

जनकल्याण से जुड़ी महागठबंधन की बड़ी बड़ी घोषणाओं पर मंत्री ने कहा कि ऐसी घोषणाओं का सच्चाई से कोई लेना देना नही है और जनता में भ्रम फैलाने के लिए इन्हें प्रचारित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार एक ईमानदार और कर्मठ नेता हैं। उनका बिहार के नवनिर्माण में बहुत योगदान है और इस बार जनता उनके ही नाम पर एनडीए के पक्ष में बहुमत के लिए मतदान कर रही है। उन्होंने कहा कि चकाई सहित जमुई जिले की सभी सीटों पर एनडीए के प्रत्याशियों की जीत तय है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित