पटना, सितंबर 26 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी ने शुकवार को कहा कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना राज्य की महिलाओं को नई शक्ति देगी।
श्री चौधरी ने शक्ति उपासना के पर्व नवरात्रि के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के शुभारम्भ का स्वागत करते हुए इसे बिहार में महिला सशक्तीकरण और महिला उद्यमिता के लिए ऐतिहासिक पहल बताया। उन्होने कहा कि यह योजना गेम चेंजर साबित होगी और भविष्य में दूसरे राज्य भी इसका अनुकरण कर सकते हैं।
श्री चौधरी ने बयान जारी कर कहा कि इस योजना का शुभारंभ 75 लाख महिलाओं को स्वरोजगार के लिए दस हजार रुपये की पहली किस्त प्रदान किए जाने से होना बिहार की महिलाओं के जीवन में नई आर्थिक शक्ति का संचार करेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)सरकार आधी आबादी को आत्मनिर्भर बनाने के लिए जितने काम कर रही है, उससे उन लोगों की छाती फट रही है, जिन्होंने अपने 55 साल और 15 साल के शासन में महिलाओं के लिए कुछ नहीं किया।
श्री चौधरी ने कहा कि नीतीश सरकार वर्ष 2005 में सत्ता संभालने के बाद महिलाओं के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राजग शासन में पंचायत और नगर निकाय चुनावों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित की गई। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण, साइकिल, पोशाक, छात्रवृत्ति, पेंशन और महिला उद्यमी जैसी योजनाओं से बिहार की महिलाओं को नई पहचान मिली।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि महिला रोजगार योजना महिलाओं को आत्मनिर्भरता बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि महिलाएं सशक्त होगीं तो समृद्ध बिहार का आधार बनेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित