मुजफ्फरपुर , जनवरी 02 -- बिहार की बेटी रेणु पासवान को मई 2026 में फ्रांस में आयोजित होने वाले विश्वविख्यात कांस फिल्म महोत्सव में महिला सशक्तीकरण विषय पर रेड कार्पेट वॉक के लिए आमंत्रित किया गया है।
बिहार में मुजफ्फरपुर शहर की रहने वाली रेणु पासवान ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर राज्य का नाम रोशन करते हुए एक नया इतिहास रच दिया है। महिला सशक्तीकरण की मिसाल बन चुकी रेणु पासवान को मई 2026 में फ्रांस में आयोजित होने वाले कांस फिल्म महोत्सव में महिला सशक्तीकरण विषय पर रेड कार्पेट वॉक के लिए आमंत्रित किया गया है। यह उपलब्धि बिहार के सामाजिक और सांस्कृतिक इतिहास में एक मील का पत्थर मानी जा रही है।
यह पहला अवसर है जब बिहार की किसी महिला को कांस फिल्म महोत्सव जैसे प्रतिष्ठित और विश्वस्तरीय मंच पर इस तरह का सम्मान प्राप्त हुआ है। कास फिल्म महोत्सव में दुनिया भर की जानी-मानी फिल्मी हस्तियां, सामाजिक कार्यकर्ता, कलाकार और प्रभावशाली व्यक्तित्व हिस्सा लेते हैं। ऐसे मंच पर रेणु पासवान का बिहार का प्रतिनिधित्व करना पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है।
रेणु पासवान की पहचान केवल एक उपलब्धि तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी संघर्षपूर्ण जीवन यात्रा और सामाजिक सक्रियता उन्हें विशेष बनाती है। सीमित संसाधनों और सामाजिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने महिलाओं के अधिकार, आत्मनिर्भरता और सम्मान के लिए लगातार काम किया है। महिला सशक्तीकरण को लेकर उनके प्रयासों ने जमीनी स्तर पर हजारों महिलाओं को प्रेरित किया है। यही कारण है कि उनके कार्यों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली और उन्हें कांस फिल्म महोत्सव में आमंत्रित किया गया।
रेणु पासवान का मानना है कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत नहीं, बल्कि बिहार की हर बेटी की जीत है। उन्होंने कहा कि कांस जैसे वैश्विक मंच पर महिला सशक्तीकरण का संदेश देना उनके लिए गर्व की बात होगी। इस अवसर के माध्यम से वह बिहार की संस्कृति, संघर्षशील समाज और महिलाओं की ताकत को दुनिया के सामने प्रस्तुत करना चाहती हैं।
रेणु पासवान ने बताया कि इस ऐतिहासिक अवसर के लिए उन्हें बिहार सरकार से सहयोग की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें राज्य सरकार का समर्थन मिलता है, तो वे पूरे आत्मविश्वास और सम्मान के साथ कांस फिल्म महोत्सव के मंच पर बिहार की पहचान को और मजबूती से स्थापित कर सकेंगी। उन्होंने सरकार और समाज से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह अवसर बिहार की सकारात्मक छवि को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने का माध्यम बन सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित