लखनऊ , नवम्बर 06 -- समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को कहा कि बिहार की जनता तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने का मन बना चुकी हैश्री यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों के समर्थन में दो विशाल जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने पूर्वी चम्पारण जिले के मोतिहारी विधानसभा क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी देव गुप्ता और सीतामढ़ी जिले के रून्नीसैदपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रत्याशी चन्दन कुमार के पक्ष में प्रचार किया।
चुनावी जनसभा के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण से ही हवा इंडिया गठबंधन के पक्ष में चल रही है। उन्होंने कहा "पहले चरण का संदेश साफ है बिहार में अब इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है।" उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बिहार की जनता युवा तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने का मन बना चुकी है, जो नौजवानों को नौकरी देने वाले मुख्यमंत्री साबित होंगे।
उन्होंने भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि "भाजपा ने जनता को ठगा है, धोखा दिया है और लगातार झूठ बोला है। अब बिहार की जनता भाजपा को सत्ता से बाहर करने जा रही है।" उन्होंने कहा कि भाजपा के पास ए टीम, बी टीम, सी टीम और पी टीम है, जबकि इंडिया गठबंधन के पास वीआईपी पार्टी और श्री मुकेश साहनी जैसे साथी हैं। उन्होंने कहा कि इस बार बिहार में नई सरकार बनेगी, तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे और "नया बिहार" बनेगा, जहां नौजवानों को रोजगार मिलेगा।
अखिलेश यादव कहा कि भाजपा की केंद्र में दस साल और बिहार में बीस साल की सरकार ने जनता को निराश किया है। जनता इन 30 वर्षों का हिसाब मांग रही है, लेकिन भाजपा जवाब देने से भाग रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और पलायन बढ़ाया है। किसानों से लेकर नौजवानों तक, सभी को भाजपा ने धोखा दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित