अजमेर , अक्टूबर 24 -- उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दावा किया है कि बिहार की जनता राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव और इंडिया गठबंधन को इस बार चुनाव में सरकार बनाने का मौका देगी।
श्री यादव ने अजमेर जिले के किशनगढ़ स्थित मार्बल मंडी में शुक्रवार को पत्रकारों से कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की डबल इंजन या ट्रिपल इंजन सरकार देश में फेल इंजन साबित हो चुकी है। उन्होंने कहा कि देश की जनता के साथ भारतीय जनता पार्टी की सरकारें लगातार धोखा कर रही हैं और जनता भी इनके शासन से दुखी हो गयी है। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव में भाजपा बिहार की जनता को गुमराह करने में लगी है। कभी हिन्दू-मुस्लिम तो कभी कोई और मुद्दा लाकर देश की जनता का ध्यान भटका देती है। उन्होंने कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने जा रही है।
इससे पहले अपने विशेष विमान से दोपहर किशनगढ़ हवाई अड्डे पर पहुंचे श्री यादव की स्थानीय अधिकारियों ने अगुवानी की। उनका स्थानीय समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
सूत्रों ने बताया कि श्री यादव यहां मार्बल खरीदने आये हैं। उन्होंने क्षेत्र के प्रतिष्ठित मार्बल उद्योगों में जाकर मार्बल पत्थर देखा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित