बिहार विजय युवा महोत्सवलखीसराय, दिसंबर 07 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता विजय कुमार सिन्हा ने रविवार को कहा कि प्रदेश का भविष्य तभी उज्ज्वल होगा जब प्रदेश का हर युवा अपनी क्षमता पहचानकर आगे बढ़े।
श्री सिन्हा ने आज यहां आयोजित जिला स्तरीय युवा महोत्सव 2025-26 में कहा कि प्रदेश के युवाओं के कौशल, ज्ञान और सृजनशीलता को आगे बढ़ा कर ही राज्य की प्रगति संभव है। उन्होंने कहा कि बिहार का भविष्य तभी उज्ज्वल होगा जब प्रदेश का हर युवा अपनी क्षमता पहचानकर आगे बढ़े।
उपमुख्यमंत्री श्री सिन्हा ने अपने संबोधन में खेल, साहित्य और विभिन्न प्रतिस्पर्धात्मक क्षेत्रों में बिहार के युवाओं की राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों को गर्व से याद किया। उन्होंने संविधान के 22 भागों में वर्णित राम-जानकी, कृष्ण-अर्जुन, हनुमान, बुद्ध-महावीर और नालंदा की सांस्कृतिक महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के इतिहास में बिहार की सांस्कृतिक धरोहर झलकती है।
भाजपा नेता ने कहा कि कर्तव्य के बिना अधिकार अधूरा है। उन्होंने कहा कि राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य अथवा प्रशासन हर क्षेत्र में कर्तव्यबोध ही व्यवस्था की रीढ़ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य में लागू सुशासन की नीतियों से बिहार के युवाओं की जिंदगी में बदलाव आया है। उन्होंने पुलिस, माफिया और माइंस विभाग में फैली अराजकता को समाप्त करने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि थाने से लेकर जिला स्तर तक माहौल बदलेगा। उन्होंने कहा कि सभी स्कूलों एवं उच्च विद्यालयों में एक खास अंतराल पर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। पंचायत पुस्तकालयों में गरीब एवं ग्रामीण बच्चों की प्रतिभा संवर्धन के लिए विशेष सहायता दी जाएगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जिला शिक्षा पदाधिकारी के माध्यम से उच्च विद्यालयों की नियमित समीक्षा बैठकें और विभिन्न योजनाओं को क्रियान्वित किया जाएगा। उन्होंने युवा प्रतिभाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बदलता बिहार, बढ़ता बिहार सब की समृद्धि लेकर आया है। उन्होंने कहा कि अराजकता फैलाने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित