ग्रेटर नोएडा , फरवरी 13 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अधिसूचित क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की।
प्राधिकरण की टीम ने बिसरख के डूब क्षेत्र में खसरा संख्या-135 की लगभग तीस हजार वर्गमीटर जमीन पर किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर जमीन को कब्जामुक्त कराया।
इस कार्रवाई के पश्चात शुक्रवार को संबंधित अधिकारियों ने बताया गया कि ग्रेटर नोएडा की अधिसूचित संबंधित जमीन पर कालोनाइजर अवैध रूप से कॉलोनी बसाने की तैयारी में थे और बाउंड्री वॉल बनाकर कब्जा करने की कोशिश की जा रही थी। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से अधिसूचित क्षेत्र में अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया है।
प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर परियोजना विभाग की टीम ने अभियान चलाया। अतिक्रमण हटाओ अभियान का नेतृत्व एसीईओ सुमित यादव ने किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति किसी भी प्रकार का निर्माण अवैध है और आगे भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
परियोजना विभाग के महाप्रबंधक ए.के. सिंह ने जानकारी दी कि ग्राम बिसरख स्थित उक्त जमीन पर अवैध रूप से कॉलोनी विकसित करने की मंशा थी। वर्क सर्किल तीन के प्रबंधक रोहित गुप्ता के नेतृत्व में सहायक प्रबंधक राजीव कुमार सहित टीम ने दो जेसीबी और तीन डंपरों की मदद से अवैध निर्माण को ध्वस्त किया। कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण का पुलिस बल भी मौजूद रहा।
प्राधिकरण ने दोबारा अतिक्रमण करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त करें, ताकि किसी भी तरह की धोखाधड़ी से बचा जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित