रायपुर , फरवरी 06 -- छत्तीसगढ़ में बिलासपुर हवाईअड्डे पर अब सभी मौसम में विमान संचालन संभव हो सकेगा।
हवाईअड्डे को 3सी-वीएफआर से 3सी-ऑल वेदर ऑपरेशंस (आईएफआर) श्रेणी में उन्नत किए जाने की स्वीकृति छत्तीसगढ़ के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है। इस निर्णय के बाद अब बिलासपुर हवाईअड्डे पर सभी मौसमों में विमान संचालन संभव हो सकेगा, जिससे क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी और यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुगम एवं विश्वसनीय हवाई सेवाएं उपलब्ध होंगी।
इस उपलब्धि पर केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु के प्रति छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की विकासपरक सोच वाली डबल इंजन सरकार के परिणामस्वरूप राज्य में आधारभूत संरचना के क्षेत्र में निरंतर ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं।
श्री तोखन साहू ने बताया कि बिलासपुर हवाईअड्डे के उन्नयन के लिए रक्षा मंत्रालय से आवश्यक भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया में केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय और निरंतर संवाद महत्वपूर्ण रहा, जिससे यह बहुप्रतीक्षित परियोजना साकार हो सकी।
उन्होंने कहा कि आईएफआर संचालन की सुविधा मिलने से कोहरा, वर्षा या खराब मौसम की स्थिति में भी विमानों का सुरक्षित संचालन संभव होगा। इससे उड़ानों के निरस्तीकरण में कमी आएगी और यात्रियों को समय और सुविधा दोनों का लाभ मिलेगा।
यह उन्नयन केवल बिलासपुर ही नहीं, बल्कि पूरे संभाग और राज्य के लिए व्यापार, उद्योग, निवेश और पर्यटन के नए अवसर खोलेगा। बेहतर हवाई कनेक्टिविटी से औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और राज्य की आर्थिक प्रगति को नई गति प्राप्त होगी।
श्री तोखन साहू ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री श्री मोदी और मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ आने वाले समय में विकास, कनेक्टिविटी और निवेश का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित