बिलासपुर , अप्रैल 22 -- ) छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में भीषण गर्मी के बीच यात्रियों को राहत देने के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल ने सराहनीय पहल की है।

बिलासपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-01 पर अत्याधुनिक मिस्टिंग सिस्टम शुरू किया गया है, जिससे यात्रियों को गर्मी से काफी राहत मिल रही है। यह सिस्टम लगातार ठंडे पानी की बारीक फुहारें छोड़ता है, जिससे प्लेटफॉर्म का तापमान कम होता है और इंतजार कर रहे यात्रियों को ठंडक महसूस होती है। परीक्षण के बाद इसे तुरंत प्रभाव से चालू कर दिया गया है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि रेलवे यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा अनुभव देने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी यात्री सुविधाओं को बढ़ाने के लिए नई पहल की जाती रहेगी।

गर्मी में डिहाइड्रेशन से बचाव के लिए रेलवे द्वारा यात्रियों को ओआरएस (ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्ट) सैशे भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन के मार्गदर्शन में यह व्यवस्था स्टेशनों और ट्रेनों में लागू की गई है।

जरूरतमंद यात्रियों को टिकट चेकिंग स्टाफ द्वारा ओआरएस सैशे दिए जा रहे हैं, ताकि उन्हें तुरंत राहत मिल सके। इसके साथ ही स्टेशनों पर पर्याप्त संख्या में वाटर कूलर और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

रेलवे प्रशासन ने समाजसेवी संस्थाओं के सहयोग से स्टेशन परिसर में निशुल्क प्याऊ भी शुरू किए हैं, जहां यात्रियों को ठंडा पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित