बिलासपुर , मार्च 11 -- "एक भारत श्रेष्ठ भारत" कार्यक्रम के अंतर्गत स्टेट पुलिस कल्चर एक्सचेंज के 14वें चरण की शुरुआत बुधवार को छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में हुई। इस कार्यक्रम के अंतर्गत गुजरात के पोरबंदर जिले से 15 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का दल बिलासपुर पहुंचा है, जो अगले 20 दिनों तक बिलासपुर पुलिस और बिलासपुर रेंज की कार्यप्रणाली का अध्ययन करेगा।
मंगलवार को बिलासपुर पहुंचने पर पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने दल का औपचारिक स्वागत किया था और सभी अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया था। आज बिलासपुर पुलिस की कार्यप्रणाली, अपराध नियंत्रण की रणनीतियों, जनजागरूकता अभियानों और सामुदायिक सहभागिता आधारित पुलिसिंग के बारे में दल को जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान पोरबंदर से आए अधिकारी थाना, चौकी, पुलिस लाइन, यातायात प्रबंधन, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण सहित पुलिस की विभिन्न इकाइयों की कार्यप्रणाली को करीब से समझेंगे। साथ ही जिले की भौगोलिक स्थिति, अपराध की प्रकृति और उनके रोकथाम के उपायों की भी जानकारी दी जाएगी।
इसके अलावा जिले में संचालित "चेतना अभियान" सहित अन्य जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से अपराध रोकथाम और नागरिक सहभागिता के प्रयासों से भी दल को अवगत कराया जाएगा। कार्यक्रम के तहत माननीय उच्च न्यायालय, न्यायिक अकादमी, प्रमुख पर्यटन स्थल तथा धार्मिक व सांस्कृतिक स्थलों का भी भ्रमण कराया जाएगा, जिससे राज्य की सामाजिक-सांस्कृतिक संरचना और प्रशासनिक व्यवस्था की समग्र जानकारी मिल सके।
दल को पुलिस के सहयोगी तंत्र जैसे रेडियो शाखा, विशेष शाखा, फिंगर प्रिंट यूनिट, एफएसएल, नगर सेना, एसडीआरएफ और छत्तीसगढ़ बल के समन्वित कार्यों से भी परिचित कराया जाएगा। साथ ही बिलासपुर रेंज के अन्य जिलों की पुलिसिंग गतिविधियों का अवलोकन भी कराया जाएगा, जिससे दोनों राज्यों की पुलिस के बीच श्रेष्ठ कार्यों का आदान-प्रदान हो सके और पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित