बिलासपुर , दिसंबर 16 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में स्थित रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तड़के करीब साढ़े पांच बजे एक तेज रफ्तार यात्री बस सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा भिड़ी। इस दुर्घटना में बस में सवार 16 यात्री घायल हो गये, जिनमें से 11 की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा दर्री पारा के पास उस समय हुआ जब बिहार से रायपुर की ओर जा रही रॉयल बस अचानक खड़े किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गई। प्रारंभिक जांच में तेज गति और सुबह के समय कम दृश्यता को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को तत्काल रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सिम्स, बिलासपुर रेफर किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाने के साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्था की।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित