बिलासपुर , फरवरी 17 -- छत्तीसगढ़ में बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी औद्योगिक क्षेत्र में संचालित नर्मदा ड्रिंक्स प्राइवेट लिमिटेड में मंगलवार सुबह आयकर विभाग ने जांच कार्रवाई की।

यह इकाई बहुराष्ट्रीय ब्रांड कोका कोला के उत्पादों का निर्माण करती है।

सूत्रों के अनुसार आयकर विभाग की लगभग छह सदस्यीय टीम सुबह फैक्ट्री परिसर पहुंची और वित्तीय दस्तावेजों की विस्तृत जांच प्रारंभ की। कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति और कर संबंधित अनियमितताओं के संदेह के आधार पर की जा रही बताई जा रही है।

अधिकारियों द्वारा खातों, लेन-देन और अन्य वित्तीय अभिलेखों का परीक्षण किया जा रहा है। जांच के दौरान परिसर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है और आवश्यक एहतियाती कदम उठाए गए हैं।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई केवल बिलासपुर तक सीमित नहीं है, बल्कि अन्य राज्यों में स्थित संबंधित इकाइयों में भी समानांतर जांच चलने की खबर है।

फिलहाल आयकर विभाग की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित