बिलासपुर , अप्रैल 22 -- छत्तीसगढ़ में बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के तिफरा स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में बुधवार को यहां ईडब्ल्यूएस बिल्डिंग की तीसरी मंजिल से एक युवक और युवती के नीचे गिर जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। इस घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तुरंत इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
मृतक की पहचान चिरंजीवी पांडे उर्फ चिंटू (27) के रूप में हुई है, जो एक निजी फाइनेंस कंपनी में काम करता था। वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला था, जबकि उसके परिवार के लोग टाटानगर में रहते हैं। घायल युवती का नाम महिमा श्री बताया जा रहा है।
घटना कैसे हुई, यह अभी साफ नहीं हो पाया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह आत्महत्या का मामला है, कोई हादसा है या इसके पीछे कोई और वजह है। सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।
पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित