बिलासपुर , फरवरी 18 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित केंद्रीय कारागार में मंगलवार को एक कैदी द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।

यह जानकारी आज बिलासपुर पुलिस ने दी। उन्होंने बताया कि रसोईघर में ड्यूटी के दौरान कैदी ने सब्जी काटने के हंसिया से अपना गला काट लिया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पेंड्रा क्षेत्र का रहने वाला विकास कश्यप हत्या के मामले में सजा काट रहा है। वर्ष 2024 में अदालत ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। वर्तमान में वह जेल की रसोई में भोजन निर्माण कार्य में संलग्न था।

कल सुबह करीब सात बजे वह निर्धारित कार्य के लिए बैरक से रसोईघर पहुंचा। इसी दौरान अचानक उसने वहां मौजूद हंसिया उठाकर अपना गला काट लिया। साथ काम कर रहे अन्य बंदियों ने उसे खून से लथपथ हालत में देखा और तुरंत जेल अधिकारियों को सूचना दी।

जेल अधीक्षक व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और एम्बुलेंस के माध्यम से उसे तत्काल अस्पताल भिजवाया गया।

घायल कैदी को उपचार के लिए छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति गंभीर लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है। गले में गहरी चोट के कारण वह फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है।

प्राथमिक तौर पर सामने आया है कि कैदी मानसिक तनाव से गुजर रहा था और उसका इलाज भी चल रहा था। हालांकि, आत्महत्या के प्रयास के पीछे के वास्तविक कारणों का खुलासा उसके होश में आने और बयान दर्ज होने के बाद ही हो सकेगा।

जेल प्रशासन ने मामले की आंतरिक जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा व्यवस्था और कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित