रायपुर , फरवरी 11 -- छत्तीसगढ़ में जनजातीय महापुरुषों की पहचान को लेकर सोशल मीडिया पर उठे विवाद ने अब प्रदेश की राजनीति में सियासी घमासान हो गया है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छत्तीसगढ़ द्वारा फेसबुक पर साझा की गई एक पोस्ट के बाद भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने आ गए हैं। धरती आबा बिरसा मुंडा और अमर शहीद गुंडाधुर को लेकर कथित भ्रम के मुद्दे पर दोनों दलों के नेताओं के बीच तीखी बयानबाज़ी शुरू हो गई है।
भाजपा ने इसे जनजातीय अस्मिता और इतिहास से जुड़ा विषय बताते हुए कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को पलटवार के साथ खारिज किया है। इस पूरे मामले को लेकर प्रदेश की राजनीति में घमासान मचा हुआ है।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और आदिवासी नेता देवलाल ठाकुर ने बुधवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, "कांग्रेस के 70 सालों के शासनकाल में कभी भी जो जनजाति समुदाय के लोग शहीद हुए, जो समाज, संस्कृति और देश के लिए लड़े उन्हें कभी भी सम्मान इन्होंने नहीं दिया। सिर्फ़ एक ही परिवार को महिमामंडित करने के लिए देश में जो जनजाति समाज के जो शहीद नायक हुए उनको दबा के रखा गया। उनको आगे लाने का काम हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है, जिससे अब पटल पर इनको भी रखने की मजबूरी हो रही है, लेकिन उसमें भी ये उनको पहचान नहीं पा रहे हैं।"भाजपा का कहना है कि जनजातीय नायकों के सम्मान के मुद्दे पर कांग्रेस की कथनी और करनी में अंतर है। पार्टी ने इसे जनजातीय समाज के इतिहास के साथ अन्याय बताया है।
वहीं कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय ठाकुर ने भी आज भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा, "भाजपा जिसके पितृ संगठन का आजादी की लड़ाई में कोई योगदान नहीं था, जिनका इतिहास कायरता और गद्दारी से भरा हो, स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान पर ज्ञान न दे। कांग्रेस हमेशा अमर शहीद स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान किया हैं। लेकिन भाजपा बताये आजादी के आंदोलन में उनका क्या योगदान था।"कांग्रेस ने भाजपा को इतिहास पर सवाल उठाने का नैतिक अधिकार न होने की बात कही है।
कांग्रेस ने भाजपा को नसीहत तो दे दी लेकिन प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए पोस्टर को लेकर कोई स्पष्ट टिप्पणी नहीं की है। भाजपा इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस को घेर रही है और इसे "राजनीतिक दोहरापन" करार दे रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित