रांची , नवंबर 13 -- अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद झारखंड के द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर भगवान बिरसा संदेश यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।

यह यात्रा 15 नवंबर को बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातु ,खूंटी से प्रारंभ होकर देहरादून में आयोजित हो रहे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 71वें में राष्ट्रीय अधिवेशन में 27 नवंबर को पहुंचेगी। यात्रा के संदर्भ में जानकारी देते हुए अभाविप झारखंड के प्रदेश मंत्री मनोज सोरेन ने बताया कि 15 नवंबर को उलिहातु में भव्य कार्यक्रम का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा , अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री गोविंद नायक एवं दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र संघ अध्यक्ष आर्यनमान उपस्थित रहेंगे।

यात्रा झारखंड के चक्रधरपुर,सरायकेला, जमशेदपुर सहित कई जिलों से होते हुए उत्तराखंड के लिए रवाना होगी। विभिन्न स्थानों पर यात्रा का स्वागत, खुले मंच पर कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। 27 नवंबर को यह यात्रा राष्ट्रीय अधिवेशन में पहुंचेगी ,जहां यात्रा का भव्य स्वागत होगा और पूरे अधिवेशन में भगवान बिरसा मुंडा संदेश यात्रा का यह रथ आकर्षण का केंद्र बना रहेगा। इस राष्ट्रीय अधिवेशन में देशभर से आने वाले प्रतिनिधियों को बिरसा मुंडा के संघर्ष, जनजातीय समाज के प्रति उनके योगदान, वीरता की उनकी गाथाएं व झारखंड की सभ्यता और संस्कृति को करीब से जानने और समझ में का अवसर मिलेगा।

अभाविप झारखंड के जनजातीय छात्र कार्य प्रमुख डब्लू भगत ने कहा कि यह यात्रा झारखंड के कई जिलों में तो पहुंचेगी ही साथ ही साथ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के भी कई जिलों में पहुंचेगी, जहां विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम, नुक्कड़-नाटक, गीत संगीत आदि कार्यक्रमों का आयोजन होगा। भगवान बिरसा संदेश यात्रा के आयोजन का मुख्य उद्देश्य यही है कि आज की युवा पीढ़ी को बिरसा मुंडा जी के संघर्ष ,उनके योगदान को बताया व समझाया जा सके की किस प्रकार से एक युवक जिसकी संपूर्ण आयु मात्र 25 वर्ष ही रही, इतनी कम उम्र में अपने शौर्य और पराक्रम के दम पर उसने न केवल ब्रिटिश सरकार के नींव हिला दी बल्कि जनजातीय समाज के उत्थान के लिए भी युवावस्था में ही बहुत क्रांतिकारी कार्य किए। इस यात्रा के माध्यम से देश के वर्तमान नागरिकों के मध्य बिरसा मुंडा की संपूर्ण जीवन यात्रा को दिखाना ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का उद्देश्य है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित