लखनऊ , नवंबर 10 -- लोकनायक बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेशभर में भव्य आयोजन करने जा रही है। इस मौके पर 1 नवंबर से 15 नवंबर तक "जनजातीय गौरव पखवाड़ा" मनाया जा रहा है । कार्यक्रमों की श्रृंखला का समापन 15 नवंबर को सोनभद्र में होगा, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य समारोह में शामिल होंगे।
इस संबंध में सोमवार को राजधानी लखनऊ में जनजाति कल्याण मंत्री जयवीर सिंह और राज्य के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री असीम अरुण ने संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस कर विस्तृत कार्यक्रम की जानकारी दी।
मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि यह आयोजन देश के आदिवासी समाज की गौरवशाली परंपरा, संघर्ष और योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में सरकार आदिवासी समुदाय के सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं चला रही है।
उन्होंने बताया कि 1 नवंबर से 15 नवंबर तक जनजातीय गौरव पखवाड़ा के दौरान पूरे प्रदेश में सांस्कृतिक कार्यक्रम, जनजागरण रैलियां, परिचर्चाएं और प्रदर्शनी आयोजित की जा रही हैं। वहीं 13 नवंबर से 18 नवंबर तक राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में "जनजाति भागीदारी उत्सव" का आयोजन होगा।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री असीम अरुण ने कहा कि यह आयोजन न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश की जनजातीय परंपराओं और विविधता को प्रदर्शित करेगा। इस बार अरुणाचल प्रदेश भी विशेष भागीदार राज्य के रूप में इस आयोजन में हिस्सा लेगा।
उन्होंने कहा कि "एक भारत - श्रेष्ठ भारत" की भावना के अनुरूप यह कार्यक्रम राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सामाजिक समरसता को सशक्त करेगा। इस दौरान जनजातीय कला, नृत्य, संगीत, हस्तशिल्प और खाद्य परंपराओं को प्रदर्शित किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित