जोधपुर , जनवरी 10 -- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने परिवर्तन के इस दौर में सामूहिक संकल्प, कड़ी मेहनत और सामाजिक समरसता के साथ कार्य कर समाज के हर वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाये जाने का आह्वान किया है।
श्री बिरला शनिवार को जोधपुर के पॉलीटेक्निक कॉलेज ग्राउंड में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय माहेश्वरी महाधिवेशन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आर्थिक-सामाजिक संघर्ष से जूझ रहे वर्गों के उत्थान में अग्रणी भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज जब हमारा देश 'विकसित भारत' के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है तब नवाचार, तकनीक और उद्यमशीलता के माध्यम से समाज की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है।
उन्होंने विकसित भारत में माहेश्वरी समाज की महत्वपूर्ण भूमिका बताते हुए कहा कि राजस्थान शौर्य, पराक्रम और उद्यमशीलता की धरती है। माहेश्वरी समाज भगवान महेश के संस्कारों से प्रेरित रहा है और सेवा, समर्पण एवं त्याग इसकी पहचान हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आजादी के बाद के राष्ट्र निर्माण तक समाज का योगदान उल्लेखनीय रहा है।
उन्होंने कहा कि इस अधिवेशन में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह का मार्गदर्शन समाज के लिए प्रेरणादायक है और ऐसे नेतृत्व के साथ समाज विकसित भारत के संकल्प को साकार करेगा।
इस अवसर पर केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि माहेश्वरी समाज भारत माता के प्रति पूर्ण रूप से समर्पित है। यह समाज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने श्री मोदी के संदेश का वाचन भी किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित