भरतपुर, 04 (वार्ता) राजस्थान में करौली के पांचना बांध से श्री महावीरजी मेले के लिए छोड़े गये पानी ने गंभीर नदी के रास्ते शनिवार को बयाना क्षेत्र में पहुंच कर तबाही मचा दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नदी किनारे बसे ग्रामीणों के लिये प्रशासन की ओर से पहले से कोई चेतावनी जारी नहीं किये जाने से सूखी पड़ी गंभीर नदी में अचानक जलस्तर बढ़ने से आसपास के गांवों में स्थिति बिगड़ गयी है। गंभीर नदी में पानी बढ़ने से बयाना क्षेत्र के थानाडांग, चहल, सिंघानखेड़ा, सीदपुर, कलसाड़ा, खिरकवास, नहरौली और बोरियापुरा सहित कई गांवों में पुलियाओं पर रपट चलने लगी है।

सू्त्रों ने बताया कि इससे इन गांवों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। चहल और थानाडांग गांवों का बयाना उपखंड मुख्यालय से सीधा संपर्क कट गया है। नदी के बहाव क्षेत्र में बने गड्ढों में पानी भरने से हादसों की आशंका बढ़ गई है। खेतों में कटी पड़ी गेहूं की फसल अचानक आये पानी से खराब हो गयी है। पशुओं के लिए रखा चारा भी बह गया, जिससे किसानों को दोहरा नुकसान हुआ है।

रोजमर्रा के कामों के लिए बयाना आने वाले ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इन हालात को देखते जागरूक लोगों ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी करके ग्रामीणों से नदी पार न करने, बच्चों को नदी से दूर रखने और नदी में नहाने से बचने का आग्रह किया है, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार रात आये तेज आंधी और बारिश के साथ गंभीर नदी के रास्ते बयाना क्षेत्र में पहुंचे पांचना बांध के पानी ने ग्रामीण इलाकों में नुकसान को और बढ़ा दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित