हरिद्वार , फरवरी 04 -- कोतवाली भगवानपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिनारासी में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड में हरिद्वार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त अवैध तमंचा व कारतूस भी बरामद किया गया है।
घटना 01 फरवरी 2026 की है। रविदास जयंती की शोभायात्रा शांतिपूर्वक संपन्न होने के बाद शाम लगभग 5 बजे पुरानी रंजिश को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच विवाद भड़क उठा। आरोप है कि विशाल ने अपने परिजनों व साथियों के साथ मिलकर गांव के ही युवक आनंद की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना से आक्रोशित होकर आनंद पक्ष के लोगों ने विशाल के चाचा मांगेराम की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी तथा गांव में आगजनी और तोड़फोड़ कर कानून-व्यवस्था भंग कर दी।
दोनों पक्षों की तहरीर पर कोतवाली भगवानपुर में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए। मृतक मांगेराम के पुत्र जोनी की तहरीर पर तथा मृतक आनंद के पिता लक्ष्मीचंद की तहरीर पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित