लखीसराय , अप्रैल 06 -- बिहार के उर्जा मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव ने सोमवार को कजरा स्थित सौर ऊर्जा संयंत्र का निरीक्षण किया।
मंत्री श्री यादव ने निरीक्षण के दौरान सौर ऊर्जा संयंत्र के विभिन्न सेक्शनों का जायजा लिया तथा परियोजना की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने संयंत्र के निर्माण एवं संचालन में लगे अधिकारियों एवं कर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह परियोजना राज्य में स्वच्छ एवं अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मंत्री श्री यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि परियोजना के द्वितीय चरण को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए, जिससे अधिक से अधिक विद्युत उत्पादन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने सुझाव दिया कि राज्य के पहाड़ी एवं उंचाई वाले क्षेत्रों में सौर ऊर्जा परियोजनाओं की संभावनाओं का व्यापक रूप से अध्ययन कर उसे विकसित किया जाए, जिससे ऊर्जा उत्पादन के नए स्रोतों का सृजन हो सके।
मंत्री श्री यादव ने निरीक्षण के दौरान संयंत्र के प्राकृतिक परिवेश की भी सराहना की तथा इसकी भौगोलिक स्थिति को विशेष बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के स्थानों पर स्थापित सौर ऊर्जा परियोजनाएं न केवल ऊर्जा उत्पादन में सहायक होती हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित