भरतपुर , जनवरी 20 -- राजस्थान में डीग जिले के पहाड़ी कस्बे में बिजली चोरी करके हाई मास्क और स्ट्रीट लाइटें जलाने के मामले में बिजली विभाग ने नगर पालिका पर करीब दो लाख रुपये का जुर्माना किया है।
बिजली विभाग के सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि पहाड़ी नगर पालिका द्वारा पिछले तीन महीनों से क्षेत्र में अवैध कनेक्शन करके जलायी जा रही स्ट्रीट लाइट और हाई मास्क लाइटों का मामला सामने आने के बाद नगर पालिका को डिमांड नोटिस भेजा गया था, लेकिन निर्धारित समय तक राशि जमा नहीं करायी गयी, जिसकी वजह से उसके सभी अवैध कनेक्शन काट दिये गये हैं।
सूत्रों ने बताया कि भुगतान नहीं होने पर दिसंबर में लाइटों के कनेक्शन काट दिये गये थे। इसके बावजूद नगर पालिका द्वारा चोरी-छिपे दोबारा कनेक्शन जोड़ लिये गये। मामले की जानकारी मिलने पर 10 जनवरी को फिर से सभी कनेक्शन काट दिये गये। इसके बाद 19 जनवरी को तीन महीने तक बिजली उपयोग करने के एवज में नगर पालिका पर एक लाख 91 हजार 160 रुपए का जुर्माना किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित