बैतूल , अप्रैल 24 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के चिचोली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अजई में शुक्रवार तड़के बिजली लाइन टूटने से मवेशी शेड में आग लग गई, जिससे दो पशु झुलस गए और किसान को भारी नुकसान हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब चार बजे हुई, जब मवेशी कोठे के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन अचानक टूटकर नीचे गिर गई। तार गिरने से शॉर्ट सर्किट हुआ और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। कोठे में रखा सूखा भूसा आग फैलने का कारण बना। इस हादसे में एक गाय और एक बैल गंभीर रूप से झुलस गए, वहीं एक मोटरसाइकिल और बड़ी मात्रा में भूसा जलकर राख हो गया। किसान को लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान है।
आग लगने के बाद ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण काफी नुकसान हो चुका था। आग बुझाने के दौरान कुछ ग्रामीण भी हल्के रूप से झुलस गए, जिन्हें चिचोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि फायर ब्रिगेड समय पर नहीं पहुंची, जिससे नुकसान बढ़ गया। प्रभावित किसान को मुआवजा देने की मांग प्रशासन से की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित