बैतूल , जनवरी 31 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जनपद पंचायत में लाखों रुपये के बिजली बिल घोटाले में पुलिस ने पहली बड़ी कार्रवाई करते हुए वेंडर धर्मेंद्र वरकडे को गिरफ्तार किया है। कोतवाली पुलिस ने आरोपी को 30 जनवरी को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया।
यह मामला जनपद पंचायत में वित्तीय अनियमितताओं की जांच रिपोर्ट के बाद उजागर हुआ था। रिपोर्ट में बिजली बिलों के भुगतान में गड़बड़ी पाई गई थी, जिसके बाद प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी सुनील लाटा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
प्रकरण में भृत्य/कंप्यूटर ऑपरेटर छत्रपाल मर्सकोले, वेंडर धर्मेंद्र वरकडे सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज है। गिरफ्तार आरोपी धर्मेंद्र वरकडे (27) निवासी कढाई, थाना कोतवाली बैतूल बताया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित