हरिद्वार , फरवरी 17 -- उत्तराखंड में हरिद्वार जिले के पथरी क्षेत्र स्थित बहादुरपुर जट गांव में बुधवार को बिजली चोरी की सूचना पर वहां पहुंची ऊर्जा निगम की विजिलेंस टीम एवं स्थानीय पुलिस का कुछ युवकों ने विरोध करते हुए उन पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विरोध कर रहे युवकों और सतर्कता टीम के बीच तीखी नोकझोंक के बाद धक्का-मुक्की और हाथापाई की स्थिति बन गई। आरोप है कि कुछ लोगों ने विजिलेंस टीम पर हमला कर दिया, जिससे टीम को आंशिक नुकसान पहुंचा। हालांकि किसी कर्मचारी के गंभीर रूप से घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पथरी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा और घटना में शामिल लोगों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि जिस इलाके में छापेमारी की गई, वहां कार्रवाई के दौरान तनाव बढ़ गया था। पुलिस फिलहाल क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए निगरानी बनाए हुए है।
उत्तराखंड विद्युत निगम लिमिटेड जिले में बिजली चोरी के खिलाफ लगातार अभियान चला रहा है। हाल के महीनों में कई गांवों में बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई है, लेकिन विभागीय टीमों को विरोध और हमले जैसी घटनाओं से भी जूझना पड़ रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित