अलवर , अप्रैल 30 -- राजस्थान में अलवर जिले के अरावली विहार थाना क्षेत्र में गुरुवार को काम करते समय खंभा उखड़कर गिरने से लाइनमैन की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब साढ़े आठ बजे लाइनमैन के पद पर कार्यरत राजेश (31) समोला चौक के पास बिजली लाइन का काम कर रहा था कि अचानक जर्जर बिजली का खंभा गिर गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। राजेश 2022 से बिजली विभाग में किसी कंपनी के माध्यम से कार्यरत था।
इस घटना के बाद जब अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे तो आक्रोशित परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंचे और उन्होंने अस्पताल के द्वार के सामने जाम लगा दिया। परिजनों का आरोप था कि तीन घंटे होने के बावजूद भी कोई भी अधिकारी नहीं पहुंचा।
घटना के बाद शव जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया। वहीं परिजन और ग्रामीण अस्पताल के मुख्य द्वार पर धरना देकर बैठ गए। खुदनपुरी के पार्षद प्रतिनिधि रिंकू जाटव ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि राजेश बिजली विभाग में एक निजी कर्मचारी के तौर पर हेल्पर के पद पर कार्यरत था, जिसका काम केवल उपकरण उपलब्ध कराना होता है। ऐसे में उसे जर्जर और कमजोर खंभे पर चढ़ाना सीधे तौर पर विभाग की बड़ी लापरवाही है। अगर सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता तो यह हादसा टाला जा सकता था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित