जालंधर , फरवरी 06 -- पंजाब के पूर्व शिक्षा मंत्री एवं विधायक परगट सिंह ने शुक्रवार को उनके विधानसभा हलका जालंधर कैंट में आम आदमी पार्टी के नेता लक्की ऑबरॉय की दिनदिहाड़े गोलियां मारकर हत्या करने की कड़ी निंदा की।
श्री सिंह ने कहा कि गैंगस्टरवाद, फिरौतियों तथा लूट जैसी घटनाओं को रोक पाने में पंजाब सरकार बिल्कुल ही विफल साबित हो रही है और यह पंजाब की कानून व्यवस्था की गंभीर विफलता का प्रत्यक्ष प्रणाम है। उन्होंने कहा कि गैंगस्टरों ने पहले कांग्रेस, फिर अकाली दल और अब आम आदमी पार्टी के नेताओं को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। यह सरकार को सरेआम चुनौती दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि लक्की ऑबरॉय की हत्या में शामिल सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। इस तरह की घटनाएं रोक पाने में असफल हो रहे पंजाब पुलिस के उच्चाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। साथ ही बिगड़ती कानून व्यवस्था पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान स्पष्टीकरण दें, कि और कितना खून बहेगा। अब पंजाब को बहाने नहीं परिणाम चाहिए, ताकि पंजाब के लोग आम शांति की जिंदगी जी सकें। इस समय पंजाब के जो बदतर हालात हैं, इसमें लोग डरे और सहमे हुए हैं। वह दशहत में दिन गुजार रहे हैं।
श्री सिंह ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार और पुलिस कानून व्यवस्था को बनाए रखने में पूरी तरह से विफल है, जिससे राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाए जाने की संभावनाएं बढ़ती जा रही हैं। वह सरकार और पुलिस से पूछना चाहते हैं कि जब राजनेता और राजनीतिक पार्टियों से जुड़े लोग ही सुरक्षित नहीं है तो आम लोगों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जा सकती है। सरकार को इस मामले में तुरंत ठोस कदम उठाने चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित