भदोही , मार्च 20 -- बासंतिक नवरात्र की शुरुआत के साथ मां भद्रकाली के दिव्य व उग्र स्वरूप की पूजा के लिए श्रद्धालुओं की भारी भरकम भीड़ उमड़ रही है। शनिवार के दिन बड़ी तादाद में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावनाओं के बीच मंदिर प्रबंधन ने तैयारियां पूरी कर ली है।
जिला मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर दूर काशी प्रयाग के मध्य तीन जनपदों भदोही-वाराणसी और जौनपुर के मिलान बिंदू पर बनारस के राजस्व गांव सरावां में अवस्थित मां भद्रकाली धाम में वैसे तो पूरे वर्ष भर चहल-पहल बनी रहती है, लेकिन नवरात्र में विशेषकर शनिवार के दिन दर्शन पूजन का विशेष महत्व बताया जाता है। इस नवरात्र में मात्र एक शनिवार पड़ने से इस दिन का महत्व काफी बढ़ जाता है। शनिवार को भारी तादाद में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावनाओं के बीच मेला प्रबंधन समिति ने तैयारियां पूरी कर ली है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित