बालोद , अप्रैल 05 -- छत्तीसगढ़ के बालोद जिला मुख्यालय से लगे ग्राम झलमला में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। कबाड़ी सामान भर रहे ट्रक में अचानक करंट दौड़ गया, जिससे एक मजदूर की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के दौरान दो मजदूर ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 5.30 बजे ग्राम झलमला स्थित तांदुला केनाल के पास घनश्याम कबाड़ी दुकान के सामने मजदूर ट्रक में लोहे और प्लास्टिक का सामान लोड कर रहे थे। यह काम लापरवाहीपूर्वक 11 केवी विद्युत लाइन के खंभे के ठीक नीचे किया जा रहा था, जबकि पास से ही हाई वोल्टेज करंट प्रवाहित हो रहा था।
इसी दौरान अचानक तेज आवाज के साथ ट्रक में करंट फैल गया। हादसे में ट्रक के ऊपर मौजूद बालोद के जवाहरपारा निवासी दीनू सतनामी (50), बीरा स्वामी पिल्ले उर्फ पांडे पिल्ले (38) और राजनांदगांव निवासी आतिश कुमार (29) गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के बाद घायलों को तत्काल निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया। जहां दीनू सतनामी को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं बीरा स्वामी की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव रेफर किया गया है। आतिश कुमार का इलाज बालोद के एक निजी अस्पताल में जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित