बालोद , जनवरी 20 -- छत्तीसगढ़ प्रशासन की विशेष प्राथमिकता वाली समर्थन मूल्य पर धान खरीदी योजना के अंतर्गत बालोद जिले में धान खरीदी का कार्य सफलतापूर्वक एवं सुचारू रूप से जारी है। जिले के विभिन्न धान खरीदी केन्द्रों में अब तक एक लाख 28 हजार 466 किसानों से 61 लाख 60 हजार 669 क्विंटल से अधिक धान की खरीदी की जा चुकी है।
धान खरीदी के एवज में किसानों को 1462 करोड़ 66 लाख 88 हजार रुपये से अधिक की राशि का भुगतान किया गया है। समय पर भुगतान होने से जिले के किसान संतुष्ट एवं उनके चेहरों पर खुशी नजर आ रही है।
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में धान खरीदी कार्य को व्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए नोडल अधिकारियों द्वारा अपने-अपने प्रभार वाले धान खरीदी केन्द्रों में नियमित रूप से पहुंचकर सतत निगरानी की जा रही है। धान खरीदी प्रक्रिया को निर्बाध रूप से संचालित करने के लिए सभी आवश्यक एवं पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं।
किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए धान खरीदी केन्द्रों में शुद्ध पेयजल, छांव, बैठने की व्यवस्था तथा शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अलावा जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ सभी राजस्व अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा खाद्य, सहकारिता एवं संबंधित विभागों के अधिकारी लगातार केन्द्रों का निरीक्षण कर धान खरीदी कार्य की निगरानी कर रहे हैं।
जिला प्रशासन की सक्रियता एवं प्रभावी निगरानी के चलते बालोद जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य सुचारू, पारदर्शी एवं किसानों के हित में सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित