बालोद , फरवरी 03 -- छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के डौंडीलोहारा ब्लॉक मुख्यालय से लगभग 4 किलोमीटर दूर संबलपुर नर्सरी के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में कार चला रहे किराना व्यापारी भूपेंद्र गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भूपेंद्र गुप्ता अपनी पत्नी मुक्त गुप्ता और दो बच्चों के साथ सोमवार को बालोद में एक परिजन के घर गए हुए थे। मंगलवार सुबह सभी अपने गृह ग्राम देवरी पासौद लौट रहे थे। इसी दौरान दल्लीराजहरा-राजनांदगांव मुख्य मार्ग पर संबलपुर नर्सरी के सामने अचानक सड़क पर आए एक कुत्ते को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर पलट गई।
तेज रफ्तार कार कई पलटी खाते हुए सड़क किनारे जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में कार चला रहे भूपेंद्र गुप्ता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि पत्नी मुक्त गुप्ता और दोनों बच्चे वाहन के अंदर फंस गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित