बालोद , फरवरी 21 -- ) छत्तीसगढ़ में बालोद जिले के मालीघोरी क्षेत्र स्थित जंगल में अवैध रूप से देसी शराब बेचने की कोशिश कर रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है और उसके पास से 190 पौवा शराब बरामद की है।

इस दौरान उसका साथ मौके से फरार होने में सफल रहा। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

एसडीओपी बोनिफास एक्का ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मालीघोरी जंगल में भारी मात्रा में देशी शराब रखकर ग्राहकों की तलाश की जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा के नेतृत्व में टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई।

पुलिस कार्रवाई के दौरान आमापारा, बालोद निवासी 38 वर्षीय प्रीतम कुमार ठाकुर को गिरफ्तार किया गया, जबकि शिकारीपारा निवासी बब्बन गौतम पुलिस को देखकर फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो बड़े चैनदार थैलों में रखे 95-95 नग कुल 190 पौवा देशी प्लेन शराब बरामद की। जब्त शराब की कीमत लगभग 15,200 रुपए आंकी गई है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त लगभग 20 हजार रुपए मूल्य की स्कूटी भी जब्त की गई। इस प्रकार कुल 35,200 रुपए का माल जब्त किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित