जयपुर , अप्रैल 29 -- राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे ने कहा है कि बालिका शिक्षा से देश प्रदेश एवं समाज की प्रगति अधिक सुसंगत और मजबूत होती है।

श्री बागडे बुधवार को पाली जिले के रोहट के गांव में श्री राजेश्वर भगवान आंजणी माता गुरूकुल कन्या महाविद्यालय के छात्रावास के नवनिर्मित भवन के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को अच्छी शिक्षा दिलायें जिससें समाज और परिवार प्रगति करें। उन्होंने कहा कि बालिका शिक्षा से दो परिवार शिक्षित होते हैं और महिलायें आज हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रही हैं। उन्होंने कहा कि बालक हो या बालिका उन्हें अच्छी शिक्षा दिलानी चाहिये जिससे वे जीवन में आगे बढ़े और देश प्रदेश का नाम रोशन करें।

उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की योजना "बेटी बचाओ बेटी पढाओ" बालिकाओं को आगे बढ़ाने के लिए लायी गयी है। उन्होंने कहा कि हमें इस मानसिकता से बाहर आने की आवश्यकता है कि लड़कियां समाज और परिवार पर बोझ है। इससे पहले राज्यपाल ने कन्या छात्रावास भवन का लोकार्पण किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित