श्रीगंगानगर , जनवरी 19 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के केसरीसिंह पुर थाना क्षेत्र में एक 14 वर्षीय बालिका पर तेजाब फेंकने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ अमृता दुहन ने सोमवार को बताया कि आरोपी की पहचान ओमप्रकाश उर्फ जानी (19) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि 16 जनवरी को सुबह करीब साढ़े 10 बजे सुभाष पार्क के पास बालिका रोजाना की तरह स्कूल जा रही थी, तभी पीछे से एक मोटरसाइकिल सवार युवक ने उस पर तेजाब फेंक दिया।
उन्होंने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच के बाद आरोपी का सुराग मिल गया, लेकिन वह अपने घर और ठिकानों से फरार था।
जांच में पता चला कि आरोपी ओम प्रकाश पेशे से वीडियोग्राफर है और किसी कार्यक्रम या समारोह में उसने बालिका को देखा था। इसके बाद से वह उसका पीछा करने लगा और दो-तीन बार अलग-अलग बहानों से बालिका के घर भी गया था। कुछ दिन पहले उसने बालिका को रास्ते में रोककर शादी करने की बात कही थी, जिस पर बालिका ने उसे डांट दिया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने हेलमेट लगाकर अपनी पहचान छुपाते हुए बालिका पर तेजाब फेंक दिया। सौभाग्यवश तेजाब उसके कपड़े और कुछ बूंदें हाथ पर गिरीं। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित