अयोध्या, सितम्बर 25 -- सपा महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह ने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षा के मामले में भाजपा की प्रदेश सरकार पूरी तरह से विफल रही है।
उन्होने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में बालिकाओं को कन्या विद्याधन दिया जाता था। शिक्षा के प्रति आकर्षित करने के लिए सपा सरकार द्वारा बालिकाओं को साइकिल भी निशुल्क वितरित की जाती थी लेकिन भारतीय जनता पार्टी की सरकार शिक्षण संस्थानों को व शिक्षा को खत्म करने पर आमादा हो गई है। बालिकाएं देवी दुर्गा का स्वरूप होती है। पवित्र नवरात्रि में बालिकाओं को देवी दुर्गा मानकर लोग बालिकाओं की पूजा अर्चना करते हैं। लेकिन भारतीय जनता पार्टी की सरकार में बहन,बेटियों व नारी सुरक्षित नहीं है आज प्रदेश में महिलाओं के ऊपर जुल्म और अत्याचार बढ़ गया है। कानून व्यवस्था पूरी तरीके से चौपट हो गई है। समाज का सभी वर्ग सपा प्रमुख अखिलेश यादव की तरफ उम्मीद भरी निगाहों से देख रहा है।
अयोध्या के मिल्कीपुर विधानसभा के एक महिला विद्यालय में श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए कहा कि 2027 के चुनाव में प्रदेश में फिर से समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।
पूर्व मंत्री आनंद सेन यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा से ही महिलाओं और बालिकाओं के अधिकारों के लिए लड़ती रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार को बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित