बारां, 23फरवरी (वार्ता) राजस्थान में बारां जिले के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष जगदीश मीणा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर जिले में 18 फरवरी को हुई भारी बारिश एवं तेज हवा से फसलों के नुकसान का सर्वेक्षण करवाकर शीघ्र मुआवजा दिलाने की मांग की है।

पत्र में श्री मीणा ने कहा है कि 18 फरवरी को हुई असामयिक वर्षा और तेज आंधी के कारण जिलेभर में रबी की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। विशेष रूप से गेहूं की फसल खेतों में गिर जाने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। इसके अलावा अफीम, सरसों, धनिया और अन्य फसलों में भी व्यापक क्षति हुई है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि बारां जिले में प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वेक्षण करवाकर किसानों को उचित मुआवजा राशि दिलाने की कार्रवाई की जाये, ताकि संकट की इस घड़ी में किसानों को राहत मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित